पटमदा के चार आदिवासी परिवारों को लावा में 45 डिसमिल जमीन पर मिला कब्जा
भू-वापसी वाद के तहत सीओ की मौजूदगी में कराई गई दखल-दिहानी
Patamda: पटमदा अंचल के लावा गांव में लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद के मामले में शुक्रवार को प्रशासन ने दखल-दिहानी की प्रक्रिया पूरी कराते हुए प्रथम पक्ष के चार आदिवासी परिवारों को जमीन पर कब्जा दिलाया। यह कार्रवाई भू-वापसी वाद संख्या 03/2023-24 में भूमि सुधार उप समाहर्ता, धालभूम, जमशेदपुर के आदेश के आलोक में की गई।
अंचल अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, मौजा लावा, थाना नंबर 149 के खाता नंबर 115 अंतर्गत प्लॉट नंबर 90 एवं 91 की क्रमशः 38 डिसमिल और साढ़े 7 डिसमिल यानी कुल 45 डिसमिल जमीन पर दखल दिलाने का निर्देश दिया गया था। इसके तहत शुक्रवार को प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की गई।
इस मामले में प्रथम पक्ष के यादव सिंह, निर्मल सिंह, क्रांति सिंह और मनमथ सिंह को संबंधित जमीन पर कब्जा दिलाया गया।
अंचल कार्यालय की ओर से बीते 30 अक्टूबर को जारी नोटिस में दोनों पक्षों को निर्धारित तिथि पर जमीन पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था। साथ ही प्रथम पक्ष को डुगडुगी बजाने की व्यवस्था करने को कहा गया था। शुक्रवार को दखल-दिहानी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद द्वितीय पक्ष के वैद्यनाथ गोराई, काशीनाथ गोराई, गोपीनाथ गोराई एवं युधिष्ठिर गोराई से प्रथम पक्ष को जमीन पर वास्तविक कब्जा मिल गया।












