गाड़ीग्राम फुटबॉल टूर्नामेंट में स्ट्रांग ब्वॉयज ने मारी बाजी, जाहेर टोला को हराकर जीता खिताब
Patamda : पटमदा प्रखंड की लावा पंचायत अंतर्गत गाड़ीग्राम गांव स्थित फुटबॉल मैदान में कुनामी सोहराय (रास पूर्णिमा) के अवसर पर बुधवार को वीणापाणि न्यू सागेन क्लब की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसमें 16 टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्ट्रांग बॉयज की टीम ने पेनाल्टी शूटआउट में जाहेर टोला को एक गोल से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथियों में जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा, मुखिया कानूराम बेसरा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, जितुलाल मुर्मू एवं सिजेन हेंब्रम उपस्थित थे।
फाइनल मुकाबले में स्ट्रांग ब्वॉयज और जाहेर टोला की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में स्ट्रांग ब्वॉयज ने एक गोल की बढ़त बनाकर जीत हासिल की। आयोजन समिति की ओर से विजेता टीम को 20 हजार रुपये और उपविजेता को 15 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया। वहीं तीसरे स्थान पर रही मुर्मू बाखल एफसी और चौथे स्थान पर रही सृजन बेसरा एफसी की टीम को 10-10 हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया गया। टूर्नामेंट को सफल बनाने में कमेटी के शगुन बेसरा, सुनील मुर्मू, बुद्धेश्वर बेसरा, रतन मुर्मू, विजय बेसरा, दिलीप मुर्मू एवं भोलानाथ मुर्मू समेत अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। इधर, दोपहर में पश्चिम बंगाल के चलका गांव से आई टीम ने पारंपरिक संथाली सोहराय नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुति दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।











