पूर्ववर्ती छात्र अमित गोराई ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए किया प्रेरित, विद्यालय ने किया सम्मानित
Patamda : एस.एस. +2 उच्च विद्यालय, पटमदा के पूर्ववर्ती छात्र अमित गोराई बुधवार को अपने पुराने विद्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने शैक्षणिक सफर और अनुभव साझा करते हुए लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन व कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अमित गोराई ने 2010 से 2014 तक विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद करीम सिटी कॉलेज से स्नातक (2017) व स्नातकोत्तर (2019) और को-ऑपरेटिव कॉलेज से 2022 में बीएड की डिग्री हासिल की। वर्ष 2024 में पीजीटी (गणित) के पद पर नियुक्त हुए। वर्तमान में वे लाल बहादुर प्लस टू उच्च विद्यालय, जयपुरा में गणित शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती छात्र का शिक्षक बनकर समाज और नई पीढ़ी के निर्माण में योगदान देना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। अमित की उपलब्धि वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षिका डोली डे, भारती कुमारी एवं शिक्षक स्नेहाशीष चटर्जी ने भी उनकी सफलता की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।











