हुरुम्बिल से पारडीह लौट रहे दो दोस्त सड़क हादसे के शिकार, एक की मौत, दूसरा गंभीर
फाइल फोटो
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र के पातीपानी गांव में आसनबनी -पटमदा मुख्य सड़क पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान पारडीह निवासी महेश्वर गोप (19) के रूप में हुई है। घायल युवक लल्लू का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुक्रवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज में महेश्वर के शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजनों ने बताया कि दोनों दोस्त पारडीह स्थित अपने घर से पटमदा के हुरुम्बिल गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात समारोह से स्कूटी से घर लौटने के दौरान वे सड़क हादसे का शिकार हो गए।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12 बजे लल्लू के परिजन महेश्वर के घर पहुंचे और सूचना दी कि काली मंदिर के पास सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें दोनों युवक घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही महेश्वर के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां स्कूटी सड़क पर गिरी हुई थी और दोनों युवक सड़क के अलग-अलग किनारों पर पड़े थे। महेश्वर झाड़ियों के अंदर फंसा हुआ था। इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने महेश्वर गोप को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल लल्लू का इलाज जारी है। शुक्रवार को महेश्वर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।











