पटमदा में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 457 बच्चे हुए शामिल

Patamda: जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2027 शनिवार को पटमदा के दो परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। पटमदा और बोड़ाम प्रखंड के कुल 457 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 29 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में 282 में से 267 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 15 अनुपस्थित रहे। वहीं, आदिवासी प्लस टू उच्च विद्यालय, बांगुड़दा में 204 में से 190 परीक्षार्थी शामिल हुए और 14 अनुपस्थित रहे।
पटमदा केंद्र पर केंद्राधीक्षक डॉ. मिथिलेश कुमार एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट अजय कुमार मंडल तथा बांगुड़दा केंद्र पर केंद्राधीक्षक सुजीत कुमार सेठ एवं मजिस्ट्रेट संतोष कुमार ने परीक्षार्थियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले मुख्य द्वार पर सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों की गहन जांच की गई। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के सफल संचालन में पटमदा केंद्र के वीक्षक कौशलेंद्र कुमार सिंह, स्वाती शर्मा, भारती कुमारी, आशा कुमारी, दिनेश अधिकारी, श्रीमंत प्रमाणिक एवं तुलसी महतो तथा बांगुड़दा केंद्र के रथू नाथ महतो, सत्य रंजन सीट, जयंत रजक, श्वेता महतो, कृष्ण कुमार, विनीत कुमार, किंगसूक गोस्वामी, श्रीराम मंडल, सुब्रत भूई एवं विवेकानंद दरिपा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।











