काटिन में खड़े हाइवा में बाइक ने मारी टक्कर, दो किशोर गंभीर रूप से घायल

Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के काटिन पेट्रोल पंप के पास टाटा -काटिन मुख्य सड़क पर रविवार सुबह करीब आठ बजे सड़क किनारे खड़े हाइवा ट्रक में तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक दुलाल कुंभकार (पिता ऋषि कुंभकार) और पीछे बैठे उसके दोस्त ओम षड़ंगी (पिता स्व. मोहन षड़ंगी) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कमलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को 108 एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया गया। सिर पर चोट लगने से गंभीर राखडीह गांव निवासी दुलाल कुंभकार को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी की जा रही है, जबकि काटिन बाजार निवासी ओम षड़ंगी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि खड़े हाइवा में बाइक की टक्कर से दो युवक घायल हुए हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को अस्पताल पहुंचाया। बाइक काटिन बाजार से पटमदा की ओर जा रही थी।











