ठनठनी घाटी में 24 घंटे तक फंसा रहा बालू लदा हाइवा, हादसे की आशंका से दहशत
Patamda: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क स्थित ठनठनी घाटी में रविवार रात ब्रेकडाउन होने के बाद बालू से लदा एक हाइवा ट्रक 24 घंटे से अधिक समय तक सड़क पर ही खड़ा रहा। इससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रही। बताया जाता है कि खराब पड़े हाइवा ने सड़क के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से को घेर लिया था, जिसके कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विशेषकर रात के अंधेरे में लोगों को जान जोखिम में डालकर संकरी जगह से गुजरना पड़ा।
काली मंदिर के नीचे स्थित इस मोड़ पर अचानक सड़क अवरुद्ध होने से पटमदा से जमशेदपुर की ओर तेज रफ्तार से आने-जाने वाले वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, घाटी और मोड़ वाले इस क्षेत्र में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, वाहन मालिक की ओर से रविवार दोपहर से लेकर देर रात तक हाइवा को हटाने के प्रयास जारी रहे, लेकिन लंबे समय तक वाहन सड़क पर ही फंसा रहा। इस दौरान यातायात व्यवस्था संभालने या सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन की मौजूदगी भी नजर नहीं आई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों पर इस प्रकार की घटनाओं के दौरान तत्काल यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।




