एनएच-33 और बांदोवान मार्ग पर सड़क हादसे, तीन युवक गंभीर रूप से घायल
Jamshedpur: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एक अलग दुर्घटना में पटमदा के एक युवक को भी सिर में गंभीर चोट आई है। तीनों घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, चांडिल थाना क्षेत्र के गोल्डी होटल के समीप एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जमशेदपुर निवासी अभिषेक कुमार पंकज (34) और राजीव कुमार (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक चांडिल से अपने घर लौट रहे थे। उनकी पहचान पर्स में मिले पहचान पत्र के आधार पर की गई। दुर्घटना के बाद दोनों युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे। इसी दौरान एक राहगीर ने मानवता का परिचय देते हुए उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां रात करीब साढ़े दस बजे से उनका इलाज शुरू किया गया। बताया जाता है कि एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसके कारण वह बेहोश हो गया था।
इधर, पटमदा के कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांकीडीह गांव निवासी बासु हांसदा (20) भी एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के अनुसार, वह अपने साथियों के साथ पश्चिम बंगाल के बांदोवान क्षेत्र से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान धोबनी गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दुर्घटना हो गई। घटना के बाद घायल बासु हांसदा को पहले बांदोवान सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब पौने 11 बजे उनका सीटी स्कैन कराया गया। बासु के सिर में गंभीर चोट आई है और वह बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाए गए। बताया जाता है कि बासु की विधवा मां आर्थिक रूप से कमजोर हैं और एंबुलेंस का किराया चुकाने में उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ा। बाद में काफी समझाने-बुझाने के बाद एंबुलेंस चालक कुछ देर तक प्रतीक्षा करने को तैयार हुआ। पुलिस दोनों दुर्घटनाओं में शामिल अज्ञात वाहनों की तलाश में जुटी है। वहीं, एमजीएम अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है।




