बोड़ाम के पगदा में 709 ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चचेरा भाई गंभीर

Patamda: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बुधवार की शाम करीब छह बजे पगदा उप स्वास्थ्य केंद्र के पास टायर लदा 709 वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बोड़ाम थाना क्षेत्र के शुक्ला गांव निवासी राजू महतो के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान श्यामापद महतो के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई हैं और पेशे से मजदूर बताए जाते हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर से जुगसलाई जा रहे थे। दोनों जुगसलाई में मजदूरी करते थे। इसी दौरान पगदा उप स्वास्थ्य केंद्र के पास उनकी बाइक को विपरीत दिशा से आ रहा 709 ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर समाजसेवी उमेश महतो ने बोड़ाम थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही हलुदबनी ओपी के पदाधिकारी और कैंप में तैनात सैप जवान मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को अपने वाहन से तत्काल एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने राजू महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि श्यामापद महतो का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे। राजू महतो की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है और पटमदा थाना की मदद से घटना के बाद भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया गया। ट्रक चालक ने घटना का कारण ओवरटेक करना बताया है।








