भाजपा प्रशिक्षण शिविर में पूर्व मंडल अध्यक्ष को श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर कार्यकर्ताओं को किया गया जागरूक
Patamda: भारतीय जनता पार्टी के दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत मंगलवार को पटमदा, बोड़ाम एवं कमलपुर मंडल का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम बिड़रा ग्राम संसद भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तीनों मंडलों के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ प्रबंधन तथा सोशल मीडिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अभय सिंह ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विचारधारा एवं संगठन की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। जमशेदपुर महानगर जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो ने कहा कि पटमदा क्षेत्र में भाजपा का संगठनात्मक इतिहास संघर्षपूर्ण रहा है। जनसंघ काल से ही यहां के कार्यकर्ता संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते आ रहे हैं, जिसका परिणाम है कि आज भाजपा ग्राम स्तर से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत संगठन के रूप में स्थापित है।
रमेश हांसदा ने संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। वहीं अमिताभ सेनापति ने बूथ प्रबंधन को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रभावी रणनीति एवं संगठन को सशक्त बनाने के उपाय बताए। भोजनावकाश के बाद आयोजित सत्र में पूर्व मंडल अध्यक्ष मंटू चरण दत्त एवं शांतनु मुखर्जी ने संगठन विस्तार में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। जिला मंत्री मुचीराम बाउरी ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व बोड़ाम मंडल के पूर्व मंडल अध्यक्ष स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पटमदा मंडल अध्यक्ष कृष्ण प्रसाद सिंह, बोड़ाम मंडल अध्यक्ष सनातन दास, कमलपुर मंडल अध्यक्ष मधुसूदन महतो, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो, पूर्व मंडल अध्यक्ष कृपासिंधु महतो, जिला कार्यसमिति सदस्य शरत सिंह सरदार सहित तीनों मंडलों के सक्रिय कार्यकर्ता, पंचायत प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं मंडल पदाधिकारी उपस्थित थे।




