खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह : पूर्व जिला पार्षद पिंटू दत्ता ने फुटबॉल टीम को दी आर्थिक सहायता
Jamshedpur : जमशेदपुर-04 के पूर्व जिला पार्षद सह झामुमो नेता पिंटू दत्ता ने सोमवार को एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत भागाबांध की फुटबॉल टीम को जर्सी खरीदने के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पिंटू दत्ता ने कहा कि ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों के युवाओं में फुटबॉल को लेकर काफी जुनून और प्रतिभा है। सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है, इसलिए खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग मिलना चाहिए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वे हरसंभव सहयोग करते रहेंगे। वहीं, टीम के खिलाड़ियों एवं स्थानीय लोगों ने पिंटू दत्ता के इस सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल काफी बढ़ा है और वे आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित हुए हैं।

