दुबराजपुर में श्रद्धा और आस्था के साथ आयोजित हुआ चड़क पूजा एवं भोक्ता घूरा कार्यक्रम
Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत दुबराजपुर गांव में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शनिवार को पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ चड़क पूजा एवं भोक्ता घूरा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूजा को लेकर गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा।
शुक्रवार को महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर रात्रि में विधि-विधान से चड़क पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। रात्रि जागरण के अवसर पर आकर्षक छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बृंदावन कुमार एवं दुर्योधन महतो के छऊ नृत्य दल ने मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम को देखने के लिए दुबराजपुर सहित आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठाया।
शनिवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक पारंपरिक भोक्ता घूरा कार्यक्रम आयोजित हुआ। आयोजन समिति की ओर से तीन भोक्ता खूंटा गाड़े गए थे। इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु आस्था और परंपरा का निर्वहन करते हुए पीठ में लोहे का अंकुश लगाकर लगभग 40 फीट ऊंचाई पर घूमते नजर आए। इस अद्भुत और पारंपरिक अनुष्ठान को देखने के लिए दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बंकबिहारी महतो, गणेश प्रामाणिक, सतीश महतो, लालमोहन महतो, बलराम महतो, जगदीश महतो, हेमंत महतो, भक्तरंजन महतो, कार्तिक महतो एवं जुरू महतो समेत अन्य ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।




