हल्की बारिश में ही कीचड़, कंदरूजोना में बढ़ी परेशानी
Patamda: बोड़ाम प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों में हुई शाम की बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लावजोड़ा स्थित हाथी खेदा मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग से कंदरूजोना गांव को जोड़ने वाली सड़क बीते दो-तीन दिनों से पूरी तरह कीचड़मय हो गई है। इस कारण इस रास्ते से आवागमन करने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी एक से दो सप्ताह तक जमा रहता है। गांव के युवा विभीषण महतो ने बताया कि नाली नहीं होने से पानी सड़क पर ही ठहर जाता है, जिससे कीचड़ और गंदगी फैल जाती है। जमा पानी से उठने वाली दुर्गंध और उसमें पनप रहे मच्छरों ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को इस रास्ते से गुजरने में काफी कठिनाई होती है। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रखंड विकास पदाधिकारी से जल्द समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।


