चिरुघुटु में ‘बारहा दिशोम जाहेर गाड़’ का भव्य उद्घाटन, सांस्कृतिक रंग में रंगा पूरा इलाका

Patamda: बोड़ाम प्रखंड के चिरुघुटु स्थित जाहेरस्थान में कल्याण विभाग की ओर से करीब 3.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ‘बारहा दिशोम जाहेर गाड़’ का रविवार को भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय परंपरा और संस्कृति की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मंगल कालिंदी ने नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर जाहेर गाड़ का उद्घाटन किया। इसके पश्चात उन्होंने जाहेरस्थान में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उद्घाटन से पहले संथाल समुदाय के लोगों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश की परंपरा निभाई। इस मौके पर पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी, टीएसी के पूर्व सदस्य विश्वनाथ सिंह सरदार, झामुमो नेता महाबीर मुर्मू, सुभाष कर्मकार, माणिक चंद्र महतो, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, जिला पार्षद प्रदीप बेसरा व गीतांजलि महतो, परगाना कमला कांत मुर्मू, बीडीओ किकु महतो, प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो, जितुलाल मुर्मू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद करनडीह जनड्राहोड़ा से आई टीम ने पारंपरिक ‘बाहा नाच’ प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संथाल समुदाय के लोग पहुंचे। कार्यक्रम के संबंध में समिति के सदस्य छुटुलाल हांसदा एवं जयपाल मुर्मू ने बताया कि झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा निर्मित इस दिशोम जाहेर गाड़ में अब संथाल समुदाय के विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही यहां बैठक के लिए आधुनिक मीटिंग हॉल और जाहेरस्थान का सौंदर्यीकरण भी किया गया है। कार्यक्रम की सफलता में छुटुलाल हांसदा, जयपाल मुर्मू, बिदु सोरेन, जलन मांडी, मुटुक बेसरा, मंगल हेंब्रम समेत अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।






























