नवरात्रि के तीसरे दिन टीम पीएसएफ का 1801वां एसडीपी रक्तदान, मां चंद्रघंटा को समर्पित
Jamshedpur: आस्था और मानव सेवा के अद्भुत संगम का उदाहरण पेश करते हुए टीम पीएसएफ ने नवरात्रि के तीसरे दिन 1801वां एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) रक्तदान पूरा किया। इस विशेष उपलब्धि को मां भगवती के स्वरूप मां चंद्रघंटा को समर्पित किया गया।
स्वैच्छिक रक्तदान, एसडीपी अभियान और विभिन्न सामाजिक-मानव कल्याणकारी कार्यों में अग्रणी टीम पीएसएफ
ने सात दाताओं—अमित कुमार, आशु कुमार, रवि शंकर पात्रो, सुब्रतो रॉय, रवि शंकर, उत्तम कुमार गोराई और रवि कुमार के सहयोग से यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया। संस्था ने इसे एसडीपी रक्तदान के क्षेत्र में किसी भी सामाजिक संगठन का सबसे बड़ा अभियान बताया। टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी रक्तदाताओं, जमशेदपुर ब्लड सेंटर के डॉक्टरों, तकनीशियनों, पैरामेडिकल स्टाफ और टीम के समर्पित सदस्यों को दिया।
रक्तदान के बाद सभी दाताओं को टीम पीएसएफ और जमशेदपुर ब्लड सेंटर की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉ. लव बहादुर सिंह, डॉ. निर्जला झा, तकनीशियन धीरज कुमार, अनुप कुमार श्रीवास्तव, निदेशक अरिजीत सरकार तथा कुमारेस हाजरा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह पहल न केवल सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी भी साबित हो रही है।


