विशेष निरीक्षण अभियान में बीडीओ ने परखी योजनाओं की जमीनी हकीकत
Patamda : जिला प्रशासन के निर्देशानुसार गुरुवार को पटमदा प्रखंड की जोड़सा पंचायत में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नामित नोडल पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने पंचायत के विभिन्न वार्डों का दौरा कर सरकारी योजनाओं और सेवा वितरण व्यवस्था की जमीनी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, जन वितरण प्रणाली दुकान, मनरेगा कार्यस्थल समेत विभिन्न विकास योजनाओं का अवलोकन किया गया। डॉ. दास ने लाभुकों एवं ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन, सुविधाओं की उपलब्धता तथा स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मिली कमियों एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि विशेष निरीक्षण अभियान का उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर एईई संतोष कुमार सिंह, मनरेगा जेईई शीतल महापात्र, बीपीओ ललिता सोरेन एवं बीएफटी मुचीराम सोरेन उपस्थित थे।



