खनिज बिल के खिलाफ पटमदा-बोड़ाम में झामुमो का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

विधायक मंगल कालिंदी बोले—कानून वापस नहीं हुआ तो नाकाबंदी तक करेंगे

Patamda : केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 (एमएमडीआर संशोधन विधेयक) के विरोध में शनिवार को झामुमो की ओर से पटमदा व बोड़ाम प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। पटमदा प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो और बोड़ाम प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दोनों प्रखंडों की सभी 27 पंचायतों से बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता व ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद बीडीओ के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
बतौर मुख्य अतिथि विधायक मंगल कालिंदी ने पटमदा में कहा कि एमएमडीआर संशोधन कानून झारखंड के खनिज और अधिकारों को प्रभावित करने वाला कानून है। झामुमो इसका सड़क से सदन तक विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कानून वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर नाकाबंदी भी की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र झारखंड की खनिज संपदा को दूसरे राज्यों में ले जाना चाहता है, जिसे झामुमो सफल नहीं होने देगी।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पटमदा के कार्यक्रम में पर्यवेक्षक महावीर मुर्मू, सागेन पूर्ति, सुभाष कर्मकार, अश्विनी महतो, हरिहर सिंह, जितुलाल मुर्मू, जामिनी प्रमाणिक और सनत बेसरा समेत अन्य नेता मौजूद थे। वहीं बोड़ाम में पर्यवेक्षक प्रमोद लाल, अरुण मुर्मू, माणिक चंद्र महतो, दीपंकर महतो, काजल सिंह, छुटुलाल हांसदा, विनय मंडल समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता शामिल हुए। मौके पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष परेश दत्त ने झामुमो में शामिल होने की घोषणा की। विधायक ने पार्टी का झंडा उनके हाथ में थमाकर पार्टी में विधिवत शामिल कराया।



