मुकरुडीह में रक्तदान शिविर, 71 लोगों ने किया रक्तदान
Patamda : शहीद स्मृति रक्षा समिति के तत्वावधान में शनिवार को बोड़ाम प्रखंड के मुकरुडीह पंचायत मंडप में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे 71 युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। समिति के सदस्य ललित हांसदा ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। शिविर का आयोजन एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमशेदपुर के सौजन्य से हुआ। इसमें बिरसा कृषि सेवा विकास ट्रस्ट एवं कुड़मी संस्कृति विकास समिति, झारखंड का भी सहयोग रहा।
ललित हांसदा ने कहा कि शहीदों की स्मृति को जीवंत रखने के साथ समाजहित में इस तरह के सेवा कार्य लगातार किए जाने की आवश्यकता है। शिविर को सफल बनाने में समिति के सदस्य हिमांशु महतो, ललित हांसदा, नीलकमल महतो, सोमनाथ महतो, अरुण महतो, मनोज महतो, फुचुराम महतो और भागवत दास समेत अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।



