सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं : विजय कुमार सिन्हा
Patamda: जिला बाल संरक्षण इकाई, पूर्वी सिंहभूम के सहयोग से मिरेकल फाउंडेशन इंडिया एवं बाल कल्याण संघ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को गौरडीह पंचायत भवन में बाल हितधारक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार के निदेशक विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने पंचायत स्तर पर पात्र लाभुकों की पहचान कर योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवंबर से मंईयां सम्मान योजना के पोर्टल पर नए लाभार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया शुरू होगी। साथ ही वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन के सभी पात्र लाभुकों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्कूल ड्रॉपआउट बच्चों को रेमेडियल कक्षाओं से जोड़कर शिक्षा की मुख्यधारा में वापस लाने तथा कठिन परिस्थिति वाले परिवारों के बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने पर भी जोर दिया।
सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पूर्वी सिंहभूम शत्रुंजय कुमार ने योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता एवं स्थानीय स्तर पर मैपिंग को जरूरी बताया। बाल कल्याण संघ के संस्थापक संजय मिश्र ने कहा कि पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करने से बाल श्रम, बाल विवाह और स्कूल ड्रॉपआउट जैसी समस्याओं को कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बोड़ाम प्रखंड के 58 बच्चों को वर्तमान में स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम में बाल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए लायलम एवं पहाड़पुर पंचायत के पंचायत सचिवों को सम्मानित किया गया। मौके पर पंचायत सचिव, मुखिया, वार्ड सदस्य, ग्राम बाल संरक्षण समिति के सदस्य, ग्राम प्रधान, बाल मंच के सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित थे। संवाद में बच्चों और परिवारों से जुड़ी समस्याओं, सरकारी योजनाओं की पहुंच तथा पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा हुई।



