एमजीएम अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जुझार माझी का तबादला, सुधार अभियान को झटका
Jamshedpur: एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जुझार माझी का बुधवार को तबादला कर दिया गया है। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन्हें पश्चिमी सिंहभूम जिले का नया सिविल सर्जन नियुक्त किए जाने की सूचना है, हालांकि देर शाम तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
डॉ. माझी इससे पूर्व भी लगभग चार महीने तक सिविल सर्जन के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक दक्षता और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उनके अनुभव को देखते हुए यह जिम्मेदारी एक बार फिर उन्हें सौंपी गई है। तबादले की खबर मिलते ही वे बुधवार शाम करीब 5 बजे एमजीएम अस्पताल से रवाना हो गए। पिछले कुछ दिनों से उनके स्थानांतरण को लेकर चर्चाएं तेज थीं, जिन पर अब मुहर लगने की बात सामने आ रही है। एमजीएम अस्पताल में अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. माझी ने अल्प समय में ही कई महत्वपूर्ण सुधारात्मक कदम उठाए। उनके नेतृत्व में अस्पताल की व्यवस्थाओं में स्पष्ट रूप से सकारात्मक बदलाव देखने को मिला। साफ-सफाई, अनुशासन और सेवा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में उनके प्रयासों को मरीजों और अस्पताल कर्मियों ने सराहा। ऐसे समय में उनका तबादला अस्पताल में चल रहे सुधार अभियान के लिए एक झटका माना जा रहा है। उनके कार्यों और नेतृत्व को लंबे समय तक याद किया जाएगा।


