बोड़ाम में पत्नी की हत्या, आरोपी पति सुधीर मुर्मू जेल भेजा गया
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलडीह पंचायत के गोबरलाद टोला में हुई हृदयविदारक घटना में पत्नी की हत्या के आरोप में पति सुधीर मुर्मू को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात शराब के नशे में धुत सुधीर मुर्मू ने अपनी 43 वर्षीय पत्नी हीरामणि मुर्मू की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद मामला मंगलवार शाम को चौकीदार के माध्यम से पुलिस तक पहुंचा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज कुमार, ग्राम प्रधान शिवचरण सिंह एवं पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि प्रबोध महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मामले में मृतका के पुत्र सुभाष मुर्मू ने अपने पिता के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मां की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने शराब के नशे में हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
बोड़ाम पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए बुधवार को आरोपी सुधीर मुर्मू को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


