हरियाणा हादसे के बाद जादूगोड़ा में पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे विधायक संजीव सरदार, मदद का भरोसा
Jamshedpur : हरियाणा के भिवाड़ी स्थित दिल्ली–जयपुर हाईवे के कापड़ियावास में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जादूगोड़ा के चार प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद पोटका विधायक संजीव सरदार पीड़ित परिवारों से मिलने उनके घर पहुंचे। विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और पूरा क्षेत्र इस शोक में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवारों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनीं और व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि एवं अन्य सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। मौके पर झामुमो के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण भी मौजूद रहे और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।


