पटमदा में युवक की हत्या से सनसनी, कलवर्ट के नीचे मिला शव

Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के गोबरघुसी पंचायत अंतर्गत सारी गांव में रविवार सुबह कलवर्ट के नीचे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनोहर माझी, पिता लम्बोदर माझी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
जानकारी के अनुसार मनोहर माझी शनिवार रात सारी गांव निवासी सुशील सिंह के घर आयोजित मनसा पूजा के रात्रि जागरण कार्यक्रम (जांत मंगल) में अन्य कलाकारों के साथ शामिल होने गया था। रात करीब दो बजे वह टीम के सदस्य 55 वर्षीय दुर्लभ सिंह के साथ शराब पीने के लिए गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर बूढ़ीगोड़ा टोला स्थित महुआ शराब की भट्ठी पर गया था। वहां से दोनों पैदल लौट रहे थे। इसके बाद मनोहर घर नहीं पहुंचा, जबकि दुर्लभ सिंह नशे की हालत में अपने घर लौट गया। रविवार सुबह तालाब किनारे शौच के लिए गए ग्रामीणों ने कलवर्ट के नीचे खून से लथपथ शव देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार युवक के सिर पर गंभीर चोट थी और काफी रक्तस्राव हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शीतगृह में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की संभावना है।
पुलिस ने दुर्लभ सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि दुर्लभ ने घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। उसका कहना है कि वह अत्यधिक नशे में था और उसे घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि मनोहर से उसकी कोई दुश्मनी नहीं थी और उस रात दोनों के बीच किसी तरह का विवाद भी नहीं हुआ था। मनोहर माझी विवाहित था। उसके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और माता-पिता हैं। वह जमशेदपुर में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।



