प्रशासन की अनदेखी पर युवाओं ने संभाला मोर्चा, सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई शुरू
Patamda : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बोंटा चौक से भादुडीह तक सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण सड़क संकरी हो गई है। इससे सामने से आने वाले वाहन दूर से दिखाई नहीं देने के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने करीब दो माह पहले उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने पर युवाओं ने खुद मोर्चा संभाल लिया है।
रविवार को स्थानीय युवाओं ने श्रमदान कर सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई शुरू की। उमेश चंद्र महतो, शैलेन्द्र महतो, प्रदीप महतो, माताल मार्डी, गुरुपद और स्वपन महतो समेत अन्य युवाओं ने अभियान में हिस्सा लिया। झाड़ियों की सफाई होने से अब वाहन चालकों को दूर से ही सामने से आने वाले वाहन दिखाई देने लगे हैं।
समाजसेवी उमेश चंद्र महतो ने बताया कि पिछले दिनों पथ निर्माण विभाग की ओर से भादुडीह में एक स्थान पर दो दिनों तक झाड़ियों की कटाई की गई थी, लेकिन इसके बाद विभाग की ओर से दोबारा कोई पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बोंटा से भादुडीह के बीच करीब डेढ़ से दो किलोमीटर के हिस्से में अब तक दर्जनों हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि सड़क की सुरक्षा को देखते हुए अब स्थानीय युवाओं ने सप्ताह में एक दिन श्रमदान कर झाड़ियों की सफाई करने का निर्णय लिया है। भादुडीह, बोंटा और कुटिमाकली गांव के अभिभावकों ने भी स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर आगामी रविवार को अधिक संख्या में शामिल होकर अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।



