ग्रामीण प्रतिभाओं को बड़ी उड़ान: पटमदा के 15 छात्रों का टाटा मोटर्स में चयन
Patamda: पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण क्षेत्र पटमदा स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में शिक्षा और रोजगार का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला। ई-डिजिटल इंडिया के सहयोग से टाटा मोटर्स एवं क्वेस कॉर्प द्वारा आयोजित विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। इस प्लेसमेंट ड्राइव में 12वीं उत्तीर्ण 20 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें लिखित परीक्षा एवं इंटरव्यू के बाद 15 छात्रों का चयन टाटा मोटर्स प्लांट के लिए किया गया। चयनित छात्रों को मेडिकल प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत टाटा मोटर्स द्वारा तीन वर्षीय निःशुल्क मेकाट्रॉनिक्स डिप्लोमा कराया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक छात्र को प्रतिमाह 12,700 रुपए का स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम की एक और विशेष उपलब्धि यह रही कि ई-डिजिटल इंडिया द्वारा चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रशिक्षण एवं स्नातक शिक्षा सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और बेहतर करियर अवसर प्राप्त होंगे। इस सफल आयोजन में रामकृष्ण ठाकुर, सुमित दत्ता, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार तथा करियर काउंसलिंग दल से कौशलेंद्र कुमार सिंह, डोली डे, भारती कुमारी एवं राजीव महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।




