पटमदा में मनाई गई गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर जयंती
ओरिएंटेशन डे एवं मातृ दिवस कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन

Patamda : साउथ प्वाइंट स्कूल, पटमदा में शनिवार को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर जयंती, ओरिएंटेशन डे एवं मातृ दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार सिंह ने सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अभिभावकों का अभिनंदन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के जीवन, साहित्य एवं समाज में उनके योगदान पर भाषण, कविता और गीत प्रस्तुत कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में मातृ दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बच्चों ने माताओं के सम्मान में विशेष प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया। वहीं ओरिएंटेशन डे के दौरान अभिभावकों ने अपना परिचय देते हुए विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े कई प्रश्न पूछे। विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार सिंह ने सभी प्रश्नों का सरल, प्रभावशाली एवं संतोषजनक ढंग से उत्तर देते हुए अभिभावकों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि बच्चों में नैतिक संस्कार, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना भी है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी अपना परिचय देते हुए अपने-अपने विषय, शिक्षण पद्धति एवं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी अभिभावकों को दी। शिक्षकों ने भरोसा दिलाया कि बच्चों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय सदैव प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की शिक्षिका प्रियंका सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दूसरी ओर, आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा में भी कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने टैगोर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।




