तनाव को दूर करने का बेहतर माध्यम साबित होता है खेल : प्रदीप बेसरा

पटमदा में तीन दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता शुरू
Patamda : तीन दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को एसएस +2 उच्च विद्यालय पटमदा के मैदान में हुआ। कार्यक्रम में वॉलीबॉल मैच का उद्घाटन पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत ने सर्व मारकर किया। कार्यक्रम के तहत दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, रिले दौड़, डिस्कस थ्रो व शॉट पुट आदि का इवेंट हुए। इसमें विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने काफी उत्साह के साथ भाग लिया। विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को ट्रॉफी, मेडल तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा ने कहा कि लगातार पढ़ाई के दौरान कई बार तनाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, ऐसे में खेल तनाव को दूर करने का बेहतर माध्यम साबित होता है। उन्होंने कहा कि खेल से बच्चों का मानसिक के साथ- साथ शारीरिक विकास भी होता हैं और बच्चे स्वस्थ महसूस करते हैं। बच्चों को खेल के प्रति जागरूक करने की आवश्कता है। खेल समय की बर्बादी नहीं बल्कि शरीर के लिए एक अच्छा व्यायाम भी है।
इस संबंध में आयोजक कमेटी के सदस्य प्रबोध कुमार महतो ने बताया कि यह प्रतियोगिता बुधवार तक बीआरसी के मैदान में होगी। कार्यक्रम के सफल संचालन में बीआरपी अवनी कुमार महांती, शिक्षक राजेश कुमार, रविनरेश प्रसाद, प्रबोध कुमार महतो, राहुल कुमार, अजीत कुमार, अंब्रेश कुमार, रामपद महतो, बासुदेव महतो, महेश कुमार द्विवेदी, हरप्रीत सिंह कौर, गोपेश्वर रजक, दीपाली मोदी व पशुपति महतो आदि का सराहनीय योगदान रहा।






























