बोड़ाम के मिर्जाडीह जंगल से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, पहचान के लिए पुलिस ने जारी की सूचना
Patamda: सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे बोड़ाम थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जाडीह स्थित कुलटांड टोला में सड़क से करीब 30 फीट अंदर जंगल-झाड़ी में पुलिस ने एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद किया है। शव काफी विघटित अवस्था में था, जिससे उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत होती है तथा उसकी मौत करीब 5 से 6 दिन पूर्व होने की आशंका जताई जा रही है।
फोटो: प्रतीकात्मक
मृतक का चेहरा पूरी तरह विघटित हो जाने के कारण पहचान संभव नहीं हो पा रही है। उसका कद करीब 5 फीट 2 इंच बताया गया है। दाहिने हाथ में लोहे का कड़ा पहना हुआ है। वहीं दाहिने हाथ की कलाई के पास अंग्रेजी में “Love” लिखा टैटू बना हुआ है तथा उसी हाथ की कोहनी के पास एक अन्य डिजाइननुमा टैटू भी अंकित है।
पहनावे में मृतक ने नेवी ब्ल्यू/आसमानी रंग का टी-शर्ट पहन रखा था, जिस पर अंग्रेजी में “FUTURE” लिखा हुआ है। नीचे काले रंग का लोवर पहना हुआ था। बाल काले रंग के थे, हालांकि शरीर के विघटन के कारण चमड़े से अलग हो चुके हैं।
बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उक्त हुलिये अथवा विवरण से संबंधित कोई व्यक्ति किसी थाना क्षेत्र से लापता हो, तो इसकी सूचना तत्काल बोड़ाम थाना, जमशेदपुर को दें, ताकि शव की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।

