टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर दर्दनाक हादसा, टैंकर की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंटा गांव के पास टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर सोमवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बांकादा गांव निवासी मुचीराम मुदी (48) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जमशेदपुर से काटिन की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार तेल टैंकर ने मुचीराम मुदी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसा शाम करीब 8 बजे हुआ। बताया जाता है कि मुचीराम जमशेदपुर में मजदूरी का काम कर अपने बड़े बेटे के साथ घर लौट रहे थे। वह बस की छत पर सवार होकर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में बारिश शुरू होने पर वे हलुदबनी कैंप के पास उतर गए। इसके बाद वह किसी परिचित की बाइक मिलने की उम्मीद में पैदल ही बोंटा गांव की ओर बढ़ रहे थे, तभी तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें कुचल दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि टैंकर का चक्का शरीर पर चढ़ जाने से घटनास्थल पर काफी खून बिखर गया। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी उमेश महतो मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए मुख्य सड़क जाम कर दिया। बाद में कमलपुर थाना प्रभारी द्वारा टैंकर को पकड़ लिए जाने की सूचना मिलने पर लोगों ने जाम हटा लिया।
मृतक बेहद गरीब परिवार से जुड़े थे। उनके परिवार में दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं। पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा बेटा भी विवाहित है। बड़ा बेटा अविवाहित है और मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी प्रबोध कुमार महतो एवं देवव्रत महतो भी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।

