खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया विभाग, गागीबुरु प्रावि के दो माह से खराब चापाकल की हुई मरम्मत
Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत बेलडीह पंचायत के गागीबुरु प्राथमिक विद्यालय परिसर में पिछले दो माह से खराब पड़े चापाकल की मरम्मत शुक्रवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा करा दी गई। चापाकल खराब होने से विद्यालय के बच्चों एवं ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
इस मामले को लेकर बेलडीह पंचायत की पंचायत समिति सदस्य ममता महतो ने सक्रिय पहल करते हुए विभागीय कनीय अभियंता को आवेदन सौंपकर शीघ्र मरम्मत की मांग की थी। विभाग की ओर से बताया गया था कि आवश्यक पाइप एवं अन्य सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य लंबित है।
इधर, गुरुवार को यह खबर बराभूम दर्पण न्यूज पोर्टल में “दो महीने से बंद पड़ा चापाकल, प्यासे बच्चे और ग्रामीण, जेई बता रहे सामान नहीं होने की लाचारी शीर्षक से प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया। खबर प्रकाशित होते ही कनीय अभियंता ने एक घंटे के भीतर संपर्क कर शुक्रवार को मरम्मत कराने का आश्वासन दिया और उसी दिन मिस्त्री भेजकर चापाकल को दुरुस्त करा दिया गया।
पंसस प्रतिनिधि प्रबोध कुमार महतो ने बताया कि खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मरम्मत कार्य पूरा कराया। उन्होंने कनीय अभियंता एवं विभागीय टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके तत्पर प्रयास से विद्यालय के बच्चों और ग्रामीणों को फिर से स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सकी।




