कमलपुर पंचायत में बाल संरक्षण समिति के सदस्यों का प्रशिक्षण
Patamda : मिशन वात्सल्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को कमलपुर पंचायत में ग्राम बाल संरक्षण समिति (वीएलसीपीसी) के अध्यक्षों एवं सचिवों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला बाल संरक्षण इकाई के निर्देश पर बाल कल्याण संघ एवं मिरेकल फाउंडेशन इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। प्रशिक्षक ओम प्रकाश तिवारी ने समिति के दायित्वों, बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की पहचान तथा जरूरतमंद बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की जानकारी दी। उन्होंने एकल अभिभावक, स्वनाथ, बाल श्रमिक, स्कूल छोड़ चुके एवं असहाय बच्चों की पहचान कर उन्हें संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मुखिया जामिनी बेसरा ने कहा कि ग्राम बाल संरक्षण समिति गांव स्तर पर बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं की सक्रिय भागीदारी से कमलपुर पंचायत बाल संरक्षण के क्षेत्र में एक मिसाल बनेगा।




