पटमदा में जमीन पर सो रहे व्यक्ति की सर्पदंश से मौत
सत्यजीत कालिंदी (फाइल फोटो)
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिड़रा गांव निवासी एक व्यक्ति की सर्पदंश से माचा स्थित सीएचसी अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को सुबह करीब 9 बजे मौत हो गई। इस संबंध में झामुमो नेता बाबलू रूहिदास ने बताया कि रविवार की रात को अपने घर में जमीन पर सो रहे में जहरीले सांप (चित्ती) ने 39 वर्षीय सत्यजीत कालिंदी को काट लिया। भोर को करीब 4 बजे अहसास होने पर उसने अपनी पत्नी दुलाली कालिंदी को जानकारी दी। इसके बाद सुबह करीब 8 बजे परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया जहां दो इंजेक्शन लगाए लेकिन 9 बजे तक उसने दम तोड़ दिया।
चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज में उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया एवं देर शाम तक गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां ममता कालिंदी व लेली कालिंदी हैं। अस्पताल में झामुमो नेता बाबलू रूहिदास, तपन कुमार महतो, आदित्य कालिंदी व मृतक के छोटे भाई अजीत कालिंदी एवं अनिल कालिंदी आदि मौजूद थे। झामुमो नेता ने पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख की मुआवजा राशि दिलाने का आश्वासन दिया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो रो कर बुरा हाल है। इस संबंध में उपमुखिया गोपाल गोराई ने बताया कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र सहारा था और वह दिव्यांग भी था।





