मुआवजे के लंबित मामले को लेकर रैयतों ने की उपायुक्त से मुलाकात, समाधान का मिला आश्वासन
Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत बोंटा – माधवपुर सड़क निर्माण कार्य में अधिग्रहीत जमीन के मामले में लंबित मुआवजे को लेकर मंगलवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेताओं के साथ रैयतों का एक प्रतिनिधिमंडल जिले के उपायुक्त से मिलकर ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि भूमि अधिग्रहण कर सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी आज तक रैयतों को भू अर्जन विभाग से मुआवजा राशि नहीं मिली है। जिससे रैयत किसान परेशान हैं।
इस संबंध में जेएलकेएम के जिला संगठन सचिव देवव्रत महतो ने बताया कि अभिलेख 16/17-18 में भू-अर्जन शाखा द्वारा निर्गत किए गए नोटिस के आधार पर मुआवजा राशि नहीं दी गई। इसके बोड़ाम, माधवपुर, कांकीडीह, पलाशडीह, मुदीडीह व रेचाडीह क्षेत्र में नोटिस भी नहीं दिया गया है। उपायुक्त ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का समाधान हो जाएगा। इस दौरान जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो एवं रैयत मंगल महतो व रवि गोराई आदि उपस्थित थे। बताते हैं कि 13 जुलाई को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सुप्रीमो सह डुमरी के विधायक जयराम महतो के जनता दरबार में पहुंचे बोड़ाम के कुछ रैयतों ने इसकी शिकायत की थी। इसके बाद जयराम महतो के निर्देश पर ही मंगलवार को जेएलकेएम के जिला संगठन सचिव देवव्रत महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।





