सहायक अध्यापकों के आश्रितों को अनुकंपा का लाभ नहीं मिलना दुखद : संघ

Patamda: सहायक अध्यापक संघ पटमदा की ओर से रविवार को दिवंगत सहायक अध्यापक तरणी सहिस की विधवा पत्नी को बनकुंचिया स्थित उनके घर पहुंचकर 24 हजार की सहयोग राशि प्रदान की गई। मौके पर उज्ज्वल कांति दास, संतोष कुमार महतो, सौरव कुमार मिश्रा, निमाई भुईयां, गौतम कुमार गोप, गया सागर महतो व निर्मल महतो आदि मौजूद थे।
इस संबंध में सहायक अध्यापक संघ के पदाधिकारी सौरव मिश्रा ने बताया कि विगत रविवार को तरणी बाबू का ब्रेन हैमरेज से आकस्मिक निधन हो गया था और परिवार के मुखिया का असमय चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ सा टूट पड़ा है। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटी और एक बेटा भी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार से सहायक अध्यापकों के आश्रितों को नियमावली के आधार पर अनुकंपा पर नियुक्ति का लाभ नहीं मिलना अति दुखद है। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को लेकर विभागीय मंत्री रामदास सोरेन से मिलकर उचित कार्रवाई का आग्रह किया जाएगा।




