दिवंगत सहायक अध्यापक के परिजनों की मदद को आगे आया शिक्षक समाज, मिली राहत
Patamda: पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के शिक्षकों ने मंगलवार को दिवंगत सहायक अध्यापक तरणी सहिस के बनकुंचिया स्थित घर पहुंचकर परिजनों को दो किस्तों में करीब 40 हजार की सहयोग राशि सौंपी। पिछले दिनों ब्रेन हैमरेज से उनका निधन हो गया था जिसके बाद परिजन असहाय महसूस कर रहे थे।इस समस्या को देखते हुए पटमदा प्रखंड के वरीय शिक्षक अरविंद कुईला के मार्गदर्शन में उक्त परिवार के सहायतार्थ राशि संग्रहित किया गया। संग्रहित राशि दो किस्तों में दिवंगत सहायक अध्यापक की पत्नी कविता वाला सहिस के हाथों में प्रदान की गई। इस मदद के बाद परिजनों को बड़ी राहत मिली।
इस संबंध में राखडीह स्कूल के शिक्षक प्रबोध कुमार महतो ने बताया कि तरणी बाबू 2006 में पहला योगदान पारा शिक्षक के रूप में नव प्राथमिक विद्यालय बंशीडीह बनकुंचिया में दिया था। उक्त विद्यालय का 2018 में मध्य विद्यालय बनकुंचिया में विलय होने के पश्चात उनका पदस्थापन भी मध्य विद्यालय बनकुंचिया में हुआ। मौके पर जगदीश चंद्र महतो, ब्रह्मपद महांती, प्रदीप कुमार, शक्ति शेखर, पंचानन महतो, प्रबोध कुमार महतो, अजित सिंह, संतोष महतो, सुभाष महतो, धनंजय सिंह ,सहदेव दास व नंदलाल महतो आदि शिक्षक उपस्थित थे।





