बोड़ाम के दामोदरपुर में 10 दिनों से ट्रांसफॉर्मर खराब, ग्रामीण परेशान
Patamda: बोड़ाम प्रखंड की भूला पंचायत के दामोदरपुर गांव में पिछले 10 दिनों से ट्रांसफॉर्मर खराब पड़ा हुआ है। इससे 50 परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के युवा जनक सिंह ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर के खराब होने से मोटर पंप से पानी निकलना बंद हो गया है और गांव के लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में गांव में बिजली नहीं रहने से उमस भरी गर्मी एवं मच्छरों से रातों की नींद हराम हो गई है जबकि सांप और अन्य जहरीले पदार्थों के निकलने का खतरा भी बना हुआ है। इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई भी 10 दिनों से बाधित हो गई है।
इसकी जानकारी बिजली विभाग देने के साथ ही सांसद विद्युत वरण महतो को भी एक लिखित आवेदन दिया गया है। अब तक समस्याओं का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीण अजित सिंह, नरेश सिंह, नरेन सिंह, बासंती सिंह, संतोषी सिंह, सुलोचना सिंह, गोविंद सिंह, रेबती सिंह आदि ने कहा कि मुफ्त की बिजली के नाम पर ग्रामीण क्षेत्रों में विभाग की ओर से सौतेलेपन का व्यवहार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आदिवासी बहुल दामोदरपुर गांव में जल्द से जल्द विभाग से ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की है।





