एमजीएम में इलाजरत कस्तुरबा की बीमार बच्चियों से मिले मगंल कालिंदी व विमल बैठा, विधायक ने की अधीक्षक से बात

Patamda: पटमदा के बांगुड़दा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की चार छात्राओं के बीमार पड़ने एवं एमजीएम अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर सोमवार को डिमना स्थित अस्पताल पहुंचे जुगसलाई विधायक मगंल कालिंदी व पूर्व भाजपा नेता विमल बैठा ने मामले की जानकारी ली। विधायक ने अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आरके मंधान से भी इस विषय पर चर्चा की। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो एवं बीमार बच्चियों के परिजन व साथी छात्राएं मौजूद थे।
इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने कहा कि चारों बच्चियों को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं। उन्हें बेहोशी की हालत में पटमदा के माचा स्थित सीएचसी अस्पताल से रेफर कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि विधायक मंगल कालिंदी ने अधीक्षक से बात करते हुए बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया है। मौके पर मौजूद लोवाडीह निवासी सुशील महतो ने कहा कि आज सुबह श्रावण सोमवारी के उपलक्ष्य में कुछ बच्चियां विद्यालय की एक शिक्षिका के साथ शिव मंदिर में पूजा करने के लिए गई थीं जिनमें बीमार बच्चियां भी शामिल थीं। पूजा के बाद लौटकर नाश्ता करने में 5 मिनट की देर होने एवं प्रार्थना सभा में समय पर नहीं पहुंचने की वजह से एक शिक्षिका ने उन सभी को दंडित किया। विलंब से शामिल सभी छात्राओं को दंड के रूप में 200 बार कान पकड़कर उठक बैठक करवाया। इसके कारण चारों छात्राएं कुमीर गांव निवासी प्रियंका महतो, लोवाडीह निवासी अष्टमी महतो व दयावती प्रमाणिक एवं गेरुवाला निवासी पूर्णिमा महतो बेहोश होकर गिर गईं। इस दौरान विद्यालय परिसर में कई बार उल्टियां करने से उक्त शिक्षिका ने आनन-फानन में एक टाटा मैजिक वैन बुलाकर सभी को माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अभाव में पहले साकची स्थित पुराना अस्पताल ले जाया गया एवं बाद में डिमना पहुंचाया गया। इस संबंध में पूर्व भाजपा नेता विमल बैठा ने आरोप लगाया कि विद्यालय में अक्सर अनुशासन के नाम पर छात्राओं को प्रताड़ित किया जाता है जो गलत है। उन्होंने कहा कि नाश्ता करने के तुरंत बाद उठक बैठक करवाने के कारण उनका ऑक्सीजन लेबल घट गया और बच्चियां बेहोश हो गईं। उन्होंने इसे अमानवीय व्यवहार बताया।
सूचना पाकर बारिश में भींगते हुए अस्पताल पहुंचे विधायक प्रतिनिधि
सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं के बीमार पड़ने एवं एमजीएम रेफर करने की सूचना मिलते ही पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने अपनी बाइक पर बारिश में भींगते हुए ही झामुमो नेता व कार्यकर्ताओं के साथ एमजीएम अस्पताल पहुंचकर इलाज की व्यवस्था कराई।





