ई-विद्यावाहिनी ऐप की तकनीकी खामियां दूर करने की मांग, शिक्षकों ने बीईईओ को सौंपा ज्ञापन
Patamda: पटमदा के प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को इन दिनों ई-विद्यावाहिनी ऐप की तकनीकी समस्याओं के कारण बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर बताई जा रही है कि यदि समय पर उपस्थिति दर्ज नहीं हुई तो इसे अनुपस्थित या आकस्मिक अवकाश के रूप में दर्ज किया जाएगा।
शिक्षक प्रबोध कुमार महतो बताते हैं कि पहले ही विद्यालय पहुंचते हैं परंतु ऐप में आई तकनीकी खामियां के चलते आधे घंटे तक प्रयास करने के बावजूद उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है। सबसे बड़ी परेशानी ई-विद्यावाहिनी ऐप के नवीनतम अपडेट से उत्पन्न हुई है। जैसे ही ऐप खोला जाता है अपडेटेड अनिवार्य का पॉप अप आता है। कई शिक्षकों ने जब इसे अपडेट कर दिया या अपने आप अपडेट ले लिया है, ऐसे में ऐप के द्वारा बायोमेट्रिक उपस्थिति लेना ही बंद कर दिया। इस समस्या को लेकर शिक्षकों ने अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ पटमदा/बोड़ाम इकाई के माध्यम से प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, पटमदा को एक ज्ञापन सौंपा गया तथा इस समस्या के निदान हेतु अनुरोध किया गया।
मौके पर मधु सूदन प्रसाद, राजेश मिश्रा, प्रबोध कुमार महतो, लक्ष्मी कांत महतो, दिनेश मालाकार, सुब्रत कुमार मल्लिक, तापस हालदार, अजय कुमार, अजित कुमार, राज नारायण दत्त व नरेंद्र नाथ दत्त आदि उपस्थित थे।





