पटमदा में पड़ोसियों के बीच मारपीट, भाजपा कार्यकर्ता का सिर फूटा
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आगुईडांगरा गांव में सोमवार की रात करीब 8 बजे पड़ोसियों के बीच हुई मारपीट की घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। एक पक्ष के सुनील रजक का आरोप है कि वह अपने भाई के घर में खाना खाने के पश्चात अपने घर घुस रहे थे कि पुराने विवाद में पड़ोस के मधु रजक, कृष्णपद रजक व उनके रिश्तेदार सुमन रजक (काना, पश्चिम बंगाल निवासी) ने मिलकर उसे किसी हथियार से वार करते हुए सिर फोड़ दिया। वह लहूलुहान अवस्था में अपने घर के पास ही बेहोश होकर गिर गया।
घटना के बाद सभी आरोपी भाग निकले और उल्टे उनके खिलाफ ही थाना पहुंचकर शिकायत की। सुनील रजक पटमदा मंडल भाजपा के सक्रिय सदस्य हैं। सिर में गंभीर चोट होने की वजह से सुनील का एमजीएम अस्पताल में भी इलाज कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पटमदा मंडल अध्यक्ष बासुदेव मंडल ने थाना प्रभारी करमपाल भगत से आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। जबकि दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायल व्यक्तियों को इलाज हेतु माचा स्थित सीएचसी अस्पताल भेज दिया है। पटमदा थाना प्रभारी ने बताया कि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में व्यस्त रहने की वजह से मामले की छानबीन नहीं की जा सकी है और उन्होंने दोनों पक्षों को बुधवार को थाने पर बुलाया है। सूत्रों के मुताबिक दो पड़ोसियों के बीच मारपीट की घटना शराब के नशे में हुई है। मारपीट के पूर्व दोनों परिवार में शाम से ही बहस हो रही थी और बाद में यह मारपीट में तब्दील हो गई।





