डिमना में भूमिज स्वशासन व्यवस्था पर कार्यशाला, 120 गांवों के प्रतिनिधि शामिल
Patamda: डिमना लेक में रविवार को जुगसलाई विधानसभा स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पटमदा, बोड़ाम और जमशेदपुर के 120 गांवों के सरदार मुड़ा, नाया, देवरी व डाकुआ शामिल हुए। बैठक में भूमिज समाज की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को मजबूत करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बतौर मुख्य अतिथि विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि पेसा कानून के तहत ग्रामसभा को सशक्त बनाया जा रहा है, ऐसे में समाज जल, जंगल और जमीन की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाए। साथ ही शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
विशेषज्ञों ने भी पारंपरिक पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक एकता, संस्कृति संरक्षण और ग्राम व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सरदार मुड़ा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही आगामी 25 अप्रैल को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की जयंती धूमधाम से मनाने की जानकारी दी गई। मौके पर हरिश चंद्र सिंह भूमिज, भक्तरंजन सिंह भूमिज, राधेश्याम भूमिज, अमर सिंह भूमिज, हरिपदो सरदार, देवेन सरदार, चंदन सिंह, कालीराम सिंह, गंगाधर सिंह सरदार, फुलचांद सिंह सरदार, रामपदो सिंह सरदार, पुर्ण सिंह सरदार, शत्रुघ्न सिंह, युधीष्ठीर सिंह, भीमसेन सिंह सरदार, रामनाथ सिंह व सुकु सिंह सरदार आदि मौजूद थे।


