तीन दिवसीय लीजेंड क्रिकेट लीग का समापन, देवब्रत इलेवन बना चैंपियन
Patamda : बोड़ाम प्रखंड के मुकरूडीह स्थित निर्मल चौक मैदान में आयोजित तीन दिवसीय लीजेंड क्रिकेट लीग का समापन रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हो गया। खिताबी मुकाबले में देवब्रत इलेवन ने किंग इलेवन को मात्र 2 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए देवब्रत इलेवन ने 8 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 79 रन बनाए । जवाब में किंग इलेवन की टीम निर्धारित 8 ओवर में 3 विकेट खोकर 77 रन ही बना सकी और मुकाबला बेहद करीबी अंतर से हार गई।
विजेता देवब्रत इलेवन को 11,000 रुपये नगद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता किंग इलेवन को 9,000 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में देवब्रत इलेवन के ऑलराउंडर कामाल उद्दीन अंसारी को मैन ऑफ द सीरीज, किंग इलेवन के पूर्ण चंद्र महतो को बेस्ट बॉलर तथा फाइनल मैच के लिए देवब्रत इलेवन के कप्तान देवव्रत महतो को मैन ऑफ द मैच चुना गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी हिमांशु महतो, विशिष्ट अतिथि के रूप में मुखिया प्रतिनिधि ललित हांसदा एवं पंचायत समिति सदस्य अरुण महतो उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में भागवत दास, मनोज महतो, निपेन महतो, हिमांशु महतो सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।






























