12 किमी साइकिल चलाकर प्रखंड कार्यालय पहुंचे छात्र, विज्ञान शिक्षक की मांग पर प्रशासन झुका
Patamda : उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा में विज्ञान शिक्षक की कमी को लेकर कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को करीब 12 किमी की साइकिल यात्रा कर प्रखंड कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान बीडीओ सह सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय में विज्ञान विषय के शिक्षक नहीं होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने तत्काल जिला शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर विद्यालय में विज्ञान शिक्षक की प्रतिनियुक्ति करने का आग्रह किया। इस पर जिला शिक्षा विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया कि एक सप्ताह के भीतर उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा में विज्ञान शिक्षक की प्रतिनियुक्ति कर दी जाएगी।
इस पहल में समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिक्षक की कमी के कारण बच्चों का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया।
वहीं बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होने दी जाएगी तथा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा। जिला शिक्षा विभाग से मिले आश्वासन के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी और उम्मीद साफ नजर आई।
इस संबंध में प्रधानाध्यापक नीतीश चंद्रवंशी ने बताया कि मंगलवार को कक्षा 9वीं एवं 10वीं के कुछ छात्र-छात्राएं विद्यालय में प्रवेश किए बिना ही बाहर से एकत्र होकर प्रखंड कार्यालय पहुंच गए थे, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से विज्ञान शिक्षक की कमी बनी हुई है, लेकिन छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए वे स्वयं विज्ञान विषय की कक्षाएं लेते हैं।




