पटमदा में स्व-गणना अभियान को मिला गति, बीडीओ ने की जनभागीदारी की अपील
Patamda: भारत की जनगणना 2027 को सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से पटमदा प्रखंड प्रशासन द्वारा स्व-गणना अभियान को सक्रिय रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बीडीओ सह सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, प्रमुख बालिका सोरेन, समाजसेवी विश्वनाथ महतो एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अभय कुमार सिंह ने प्रखंड कार्यालय में निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर आम लोगों को भी इसमें भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बीडीओ सह सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया नागरिकों को अपनी एवं अपने परिवार की सही और अद्यतन जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर प्रदान करती है। इससे जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक, विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े भविष्य में विद्यालय, अस्पताल, सड़क एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास योजनाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रखंडवासियों से अपील करते हुए कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें और जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
डॉ. दास ने कहा, “हमने अपनी जिम्मेदारी निभाई, अब आपकी बारी है।” प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्व-गणना के बाद गणनाकर्मी द्वारा सत्यापन प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।




