ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में दुकानदारों की देशव्यापी हड़ताल 20 मई को, बंद रहेंगी मेडिकल दुकानें
Jamshedpur : ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) के अध्यक्ष जेएस शिंदे एवं महासचिव राजीव सिंघल के आह्वान पर आगामी 20 मई, बुधवार को देशभर के दवा व्यवसायी एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। इस हड़ताल का समर्थन जमशेदपुर केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने भी किया है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि हड़ताल का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, दवा कंपनियों द्वारा दी जा रही भारी छूट को नियंत्रित करने तथा नकली दवाओं की रोकथाम से जुड़े नियमों में संशोधन की मांग को लेकर है।
एआईओसीडी ने केंद्र सरकार से जीएसआर 817 (दिनांक 28 अगस्त 2018) एवं जीएसआर 220 (दिनांक 26 मार्च 2020) को वापस लेने की मांग की है। संगठन का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री और अनियंत्रित डिस्काउंट व्यवस्था से छोटे दवा व्यवसायियों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है, वहीं मरीजों तक नकली दवाएं पहुंचने का खतरा भी बढ़ रहा है। हड़ताल के कारण 20 मई को शहर समेत देशभर में अधिकांश मेडिकल दुकानें बंद रहने की संभावना है। हालांकि आपातकालीन सेवाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर अलग व्यवस्था की जा सकती है। संगठन ने आम लोगों से अपील की है कि वे आवश्यक दवाएं पहले से खरीद लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया गया है। जमशेदपुर केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज छाबड़ा, महासचिव आशीष चटर्जी एवं कोषाध्यक्ष संजय कुमार कसेरा ने हड़ताल को सफल बनाने की अपील की है।




