पटमदा के बड़डीह में स्कूटी दुर्घटना, दो दिव्यांग गंभीर रूप से घायल
Patamda: टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर स्थित बामनी टोला, बड़डीह में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में स्कूटी पर सवार दो दिव्यांग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों की पहचान पटमदा थाना क्षेत्र के आगुईडांगरा तथा गोबरघुसी गांव के निवासियों के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे झामुमो नेता हरिहर सिंह ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों की मदद की और मामले की सूचना पटमदा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायलों को उपचार के लिए माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया। इस संबंध में झामुमो नेता हरिहर सिंह ने बताया कि जमशेदपुर स्थित डीसी कार्यालय में दिव्यांगजनों से संबंधित एक कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें भाग लेने के लिए दोनों एक ही स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान बडडीह के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में आगुईडांगरा निवासी दिव्यांग व्यक्ति का एक पैर टूट गया है, जबकि दूसरे घायल को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।



