सड़क चौड़ीकरण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर ग्रामीणों का आक्रोश, पटमदा बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
Patamda: प्रखंड क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों, ग्राम प्रधानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। समाजसेवी विश्वनाथ महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास के नाम प्रधान लिपिक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि काटिन, गोपालपुर, गेंगाड़ा, काश्मार, बनकुंचिया, बनडीह होते हुए कांकू और दांदूडीह पश्चिम बंगाल सीमा तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के तहत कई स्थानों पर पुलिया और कलवर्ट निर्माण के लिए सड़क किनारे गहरी खुदाई की गई है। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। अधिकांश स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और रात्रि में दिखाई देने वाली प्रकाश व्यवस्था का अभाव है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि सड़क निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक है, लेकिन जनसुरक्षा की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की होगी। ग्राम प्रधान मृत्युंजय महतो ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए निर्माण स्थलों पर तत्काल मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, फ्लैश लाइट और रिफ्लेक्टर लगाए जाने चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान बृंदावन दास, फूलचांद महतो, शंभूनाथ सोरेन, टीकाराम मुर्मू, रोहिन महतो, जगरनाथ सिंह, सुखदेव भुइयां, काशीनाथ महतो और अनिल महतो समेत क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे।



