दलमा शिव मंदिर में 12 जुलाई तक पूजा रहेगी बंद, रैयत गुरचरण सिंह लाया के निधन से शोक
Patamda : बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत दलमा प्राचीन शिव मंदिर के रैयत एवं बोटा गांव निवासी गुरुचरण सिंह लाया (75) का गुरुवार सुबह उनके आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, मंदिर कमेटी तथा क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है। गुरुवार दोपहर बोटा गांव में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में दलमा शिव मंदिर समिति के सदस्य, ग्रामीण एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
गुरुचरण सिंह लाया दलमा प्राचीन शिव मंदिर के रैयत परिवारों के प्रमुख व्यक्तियों में शामिल थे। उनके योगदान को क्षेत्र के लोग हमेशा याद रखेंगे। अपने पीछे वे पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इधर, उनके भतीजे सुखदेव सिंह लाया ने बताया कि बड़े पिताजी के निधन से परिवार और मंदिर समिति गहरे शोक में है। शोक अवधि को देखते हुए 12 जुलाई तक दलमा शिव मंदिर में पूजा-पाठ एवं अन्य धार्मिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। श्राद्ध कर्म संपन्न होने के बाद मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना पुनः शुरू की जाएगी।




