पटमदा की जनसमस्याओं के समाधान को लेकर जिला परिषद सदस्य खगेन महतो ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
Patamda: जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो ने गुरुवार को पटमदा प्रखंड की विभिन्न जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के नाम उप विकास आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने सड़क, पुलिया, पेयजल, विद्यालय भवन, भूमि अतिक्रमण और जलापूर्ति जैसी समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कुमीर पंचायत के खेजुरडीह गांव में अधूरी पुलिया के कारण बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। वहीं बांगुड़दा पंचायत में जिला परिषद की भूमि पर हुए अतिक्रमण की जांच कर उसे हटाने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि भूमि संरक्षण विभाग को स्वीकृति मिलने के बावजूद कई योजनाओं पर अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। इसे जल्द धरातल पर उतारने की मांग की गई है। ज्ञापन में बिड़रा, गोलकाटा, नूतनडीह, फुलझरना-माझीडीह, राहेड़डीह, षड़ंगीडीह और लड़ाईडूंगरी के जर्जर प्राथमिक विद्यालय भवनों की मरम्मत तथा डीएमएफटी फंड से नए भवनों के निर्माण की मांग भी की गई है।



