बोड़ाम थाना प्रभारी ने किया जागरूक, कहा: नशे से दूर रहें और तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं छात्र
Patamda: वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर शुक्रवार को बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित आदिवासी उच्च विद्यालय, बोड़ाम में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा एवं अन्य सामाजिक विषयों पर जागरूक किया गया। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में समय देने की अपील की।
थाना प्रभारी ने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे न केवल चालक बल्कि निर्दोष राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन आम जनता की सुरक्षा और सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है। पुलिस से डरने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर लोग बिना झिझक पुलिस को इसकी जानकारी दें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता और समाधान उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने साइबर फ्रॉड से बचाव, डायन प्रताड़ना प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा, वर्षा ऋतु में आपदा से बचाव तथा सर्पदंश से सुरक्षा के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



