बोड़ाम के धोबनी गांव में चिकन पॉक्स से 5 साल की बच्ची की मौत!, मलेरिया से पीड़ित 3 बच्ची एमजीएम रेफर
Patamda: पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अंतर्गत बोड़ाम प्रखंड के धोबनी गांव में गुरुवार को देर रात 5 वर्षीय एक बच्ची की अज्ञात कारणों से मौत हो गई है। हालांकि पटमदा सीएचसी प्रभारी द्वारा इसे चिकन पॉक्स से हुई मौत की संभावना बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पीड़ित परिवार के घर पहुंचने से जानकारी मिली कि बच्ची में तेज बुखार के साथ चिकन पॉक्स के लक्षण दिखने पर शुरुआत में झाड़ फूंक कराया गया एवं बाद में ग्रामीण चिकित्सक से आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दोनों ही तरह की दवाएं दी गई। लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
शुक्रवार को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं गांव में मलेरिया के 4 नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। जांच के दौरान गांव में कुल चार लोगों की रिपोर्ट मलेरिया पॉजिटिव पाई गई है। जिसमें 3 पीएफ एवं 1 पीवी के मरीज शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार सोमवारी सिंह (पति चंदन सिंह) में पीवी मलेरिया की पुष्टि हुई है। जबकि पीएफ मलेरिया से संक्रमित तीन बच्चों में 12 वर्षीय सुंदर सिंह, 2 वर्ष 9 माह के गौर सिंह तथा 9 वर्षीय तारामणि सिंह शामिल हैं। सीएचसी प्रभारी की ओर से बेहतर इलाज हेतु तीनों पीएफ मरीजों को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जबकि पीवी मरीज महिला का इलाज पटमदा में ही चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में सक्रिय हो गई है। आसपास के लोगों की जांच, दवा वितरण, मच्छररोधी उपाय तथा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से बुखार आने पर तुरंत जांच कराने और मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने की अपील की है।



